
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः बिजली, पानी, सड़क और गन्दगी की समस्या से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वॉर्ड संख्या-13 (सालडीह बस्ती) के निवासी परेशान हैं. वहीं, वॉर्ड क्षेत्र में लगे स्ट्रीट लाईट भी खराब पड़े हैं. बार-बार गुहार लगाने के बावजूद अब-तक की वॉर्ड क्षेत्र की समस्या का निदान नहीं हो पाया है. पानी के लिए अगर बस्ती का कोई व्यक्ति बोरिंग भी कराना चाहता है, तो उसे इसके लिए नगर निगम से अनुमति लेनी पड़ती है. इससे नाराज बस्तीवासियों के द्वारा आज नगर निगम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया तथा वहाँ जमकर नारेबाजी भी की गई. बस्तीवासियों का कहना था कि साफ-सफाई के नाम पर नगर निगम के द्वारा दोहन किया जा रहा है. पहले जहाँ 10 सफाई कर्मियों से साफ-सफाई का काम कराया जाता था. वहीं, अब मात्र 2 सफाई कर्मियों के भरोसे साफ-सफाई का काम चल रहा है, जिसके कारण नालियाँ और गलियाँ गन्दगी से बजबजा रहे हैं. और इसकी वजह से संक्रामक बीमारियों के उत्पन्न होने की संभावना भी बढ़ गई है. लगभग 4 वर्ष पूर्व जिस सड़क का शिलान्यास हुआ था,अब-तक उसका निर्माण नहीं हो पाया है. वहीं, नगर निगम की पूर्व पार्षद नीलपद्मा विश्वास ने बताया कि अगर नगर निगम द्वारा इस मामले में अविलंब पहल नहीं की गई, तो वैसी स्थिति में नगर निगम के विरुद्ध उग्र आन्दोलन किया जायेगा.

