
उदित वाणी जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 सितंबर को प्रस्तावित टाटानगर दौरे को लेकर तैयारियां पूरे जोर-शोर से की जा रही हैं। उनके आगमन को ध्यान में रखते हुए जहां-जहां कार्यक्रम होने हैं, उन सभी स्थानों पर सुरक्षा एजेंसी एसपीजी की कड़ी निगरानी में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा रही हैं। प्रधानमंत्री के दौरे से पहले शहर की सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उनके आगमन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन दोनों ही अपने-अपने स्तर पर पूरी सक्रियता से कार्यों को अंजाम दे रहे हैं।डीआरएम अरुण राठौड़ के निर्देश पर जुगसलाई से टाटा पिगमेंट गेट रोड की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी और जगह-जगह गड्ढों की वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा, पिगमेंट गेट से टाटानगर स्टेशन तक जाने वाली सड़क के किनारे रखी गई रेलवे की सामग्री को भी व्यवस्थित किया जा रहा है ताकि यातायात में कोई रुकावट न आए। इन कार्यों के चलते स्थानीय लोग प्रशासन के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं। वे मानते हैं कि सड़क की मरम्मत के बाद दुर्घटनाओं की संभावना कम हो गई है, जो पहले बहुत अधिक थी।पहले फुटपाथों पर दुकानदारों का कब्जा रहता था और वाहन मालिक सड़कों पर ही गाड़ियां पार्क करते थे, जिससे सड़क पर जाम की समस्या नियमित हो गई थी। लेकिन अब सड़कों को चौड़ा किया गया है, जिससे फिलहाल जाम की समस्या से राहत मिली है। प्रधानमंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। जुगसलाई वीर कुंअर सिंह चौक, टाटानगर स्टेशन चौक और चाईबासा बस स्टैंड के पास यातायात पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क मरम्मत और अन्य कार्यों के कारण यातायात बाधित न हो।ट्रैफिक पुलिस की उपस्थिति से सड़कों पर अनियंत्रित गति से वाहन चलाने वाले चालकों में डर का माहौल है, जिससे सड़कों पर यातायात काफी हद तक नियंत्रित है। हालांकि, प्रधानमंत्री का दौरा नजदीक आने के बावजूद स्टेशन ओवरब्रिज की मरम्मत का कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। ओवरब्रिज की जर्जर स्थिति को देखते हुए भाजपा नेता अंकित आनंद ने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर इस समस्या को उठाया और सड़क की मरम्मत की मांग की। उनके आग्रह पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही ओवरब्रिज की मरम्मत कर दी जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन से स्थानीय निवासियों में भी उम्मीद जगी है कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले इस समस्या का समाधान हो जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री के दौरे के कारण शहर में युद्धस्तर पर मरम्मत और विकास कार्य हो रहे हैं, जिनसे शहर का स्वरूप निखरता दिख रहा है। वे यह भी मानते हैं कि यदि इस तरह के दौरे नियमित होते रहें, तो प्रशासन और संबंधित विभाग तेजी से काम करते रहेंगे, जिससे शहर की हालत और बेहतर होगी। प्रधानमंत्री के दौरे के बहाने ही सही, लेकिन शहर में जो विकास कार्य हो रहे हैं, उससे जनता खुश है और वे चाहते हैं कि यह गति आगे भी बनी रहे ताकि शहर को आकर्षक और आधुनिक बनाया जा सके।टाटानगर स्टेशन और बिष्टुपुर इलाके में चल रहे इन विकास कार्यों ने लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं, और वे आशा कर रहे हैं कि आने वाले समय में शहर की स्थिति और बेहतर हो जाएगी।

