
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को जमशेदपुर पुलिस ने मानगो-आजादनगर सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च निकाला. इस अभियान का नेतृत्व स्वयं सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने किया. उनके साथ सभी थाना प्रभारी, डीएसपी, क्यूआरटी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा.
पैदल मार्च मानगो थाना परिसर से शुरू हुआ और जवाहर नगर 15 नंबर होते हुए चेप पुल, दाईगुटू, रोड नंबर-5, डिमना रोड और ओल्ड पुरुलिया रोड से गुजरता हुआ आजादनगर थाना क्षेत्र में जाकर समाप्त हुआ. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी और सुरक्षा से संबंधित सुझाव भी मांगे. लोगों ने कहा कि ऐसे मार्च से असामाजिक तत्वों में भय बढ़ता है और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिलता है.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा, “यह पैदल मार्च केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ एक ठोस कार्रवाई का हिस्सा है. हमारा उद्देश्य है कि लोग पुलिस से सीधे संवाद कर सकें और बिना किसी डर के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें.”
एसपी ने यह भी बताया कि पुलिस गश्त, रात्रि पेट्रोलिंग, इंटेलिजेंस इनपुट और गश्ती बढ़ाने जैसे कदम लगातार तेज किए जा रहे हैं. उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की बात भी कही.
मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने और सहयोग बनाए रखने की अपील की. नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से शहर में शांति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.

