
उदित वाणी, जमशेदपुर : महानगरों के तर्ज पर अब जमशेदपुर पुलिस भी हाईटेक हो गई है। गुरुवार को जिले के एसएसपी पीयूष पांडे ने 33 टैंगो मोबाइल जवानों के बीच हाईस्पीड बाइक का वितरण किया। इस अवसर पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर समेत कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने जवानों को बाइक संचालन और उसमें लगे हाईटेक फीचर्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बाइक में अत्याधुनिक सिस्टम के साथ जीपीएस ट्रैकर भी लगाया गया है। इससे जिला मुख्यालय को हर बाइक की लोकेशन की रीयल-टाइम जानकारी मिल सकेगी।
एसएसपी ने कहा कि अब तक बड़ी गाड़ियों के कारण संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल को समय पर पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। लेकिन हाईस्पीड बाइक उपलब्ध होने से यह समस्या दूर होगी। इन बाइकों की मदद से जवान तेजी से घटनास्थल तक पहुंचकर त्वरित कार्रवाई कर सकेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि भगदड़ या पीछा करने की स्थिति में अपराधियों पर अंकुश लगाने में ये बाइक बेहद उपयोगी साबित होंगी। बाइक की रफ्तार और तकनीकी सुविधाएं पुलिस की कार्यक्षमता को और बढ़ाएंगी।
एसएसपी ने पुलिस मुख्यालय को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह पहल जमशेदपुर पुलिस को नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगी। इससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और अपराध पर अंकुश लगाने में बड़ी मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि बाइक मिलने से पुलिस अब हर इलाके में समय पर पहुंचेगी, जिससे शहर में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे।
कुल मिलाकर, 33 हाईस्पीड बाइकों के साथ जमशेदपुर पुलिस की टैंगो मोबाइल यूनिट अब और अधिक चुस्त-दुरुस्त हो गई है, जिससे शहरवासियों को त्वरित और बेहतर सुरक्षा का लाभ मिलेगा।

