
उदित वाणी जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टिनप्लेट चौक पर एचडीएफसी बैंक के एटीएम के बाहर फर्जी ऑनलाइन पेमेंट का झांसा देकर चार हजार रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों से घटना के संबंध में लगातार पूछताछ की जा रही है।
घटना शुक्रवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार आयुष्मान कुमार नामक युवक एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गया था। इसी दौरान एक युवक उसके पीछे एटीएम के अंदर पहुंच गया और खुद को पैसों की जरूरत बताते हुए उससे चार हजार रुपये उधार देने का अनुरोध किया। उसने भरोसा दिलाया कि वह तुरंत ऑनलाइन पेमेंट कर देगा।
आरोपी की बातों में आकर आयुष्मान ने एटीएम से चार हजार रुपये निकालकर उसे दे दिए। इसके बाद युवक ने अपने मोबाइल में पेटीएम से भुगतान होने का एक स्क्रीन दिखाया, जो बाद में फर्जी निकला। स्क्रीन दिखाने के बाद आरोपी तेजी से वहां से निकल गया।
संदेह होने पर आयुष्मान ने आरोपी का पीछा किया और उसकी बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। इस दौरान आयुष्मान गिरकर घायल हो गया, जबकि आरोपी फरार हो गया। पूरी घटना एटीएम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित की शिकायत पर गोलमुरी थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

