
उदित वाणी जमशेदपुरः विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर जिला निर्वाचन पदाधिकारी अनन्य मित्तल एवं एसएसपी किशोर कौशल द्वारा ईवीएम डिस्पैच एवं रिसिविंग सेंटर निर्माण को लेकर कॉपरेटिव कॉलेज तथा करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज का निरीक्षण किया गया। गौरतलब है कि 44-बहरागोड़ा, 45-घाटशिला एवं 46-पोटका विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों का डिस्पैच एलबीएसएम कॉलेज तथा 47- जुगसलाई, 48-जमशेदपुर पूर्वी एवं 49-जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टिंयां कॉपरेटिव कॉलेज से रवाना की जाएंगी। वहीं मतदान के उपरांत सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम सेट की रिसिविंग कॉपरेटिव कॉलेज में होगी।पोलिंग पार्टियां अपने अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सुगमता से प्रस्थान करें इसे लेकर जिले के वरीय पदाधिकारियों ने कॉलेज परिसर का मुआयना कर मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उक्त दोनों स्थलों पर तीन-तीन विधानसभा क्षेत्र के लिए स्ट्रॉंग रूम का निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को दिया गया। साथ ही परिसर में आवश्यकतानुसार बेरिकेडिंग का भी निर्देश दिया गया।निरीक्षण के दौरान जिले के वरीय पदाधिकारियों ने पोलिंग पार्टी के बीच चुनाव सामग्री का वितरण, ईवीएम वीवीपैट का रखरखाव, पोलिंग पार्टी के वाहनों का पार्किंग तथा पदाधिकारियों का वाहन पार्किंग, पेयजल, शौचालय, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए तमाम व्यवस्था करने का निर्देश दिया। चिकित्सा सुविधाएं और हेल्प डेस्क की व्यवस्था, साथ ही रिजर्व, माइक्रो ऑब्जर्वर, मेडिकल टीम की बैठने की व्यवस्था आदि को लेकर भी निर्देश दिया गया।

