
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सातबोहनी बिराजगंज निवासी अंकुश पांडे (22) की बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जाता है कि अंकुश कदमा बाजार में दुर्गा पूजा के मौके पर अस्थायी दुकान लगाया था। दुकान बंद करने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान आदित्यपुर टोल ब्रिज के पास अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया और डिवाइडर से टकराकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा। वहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर, अंकुश की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से आक्रोशित हैं और पुलिस से दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

