
उदित वाणी, जमशेदपुर : छोटा गोविंदपुर में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान कई दिनों से बंद रहने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार को ग्रामीणों ने डीलर की बंद दुकान के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मां मंगला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित यह दुकान अक्सर बंद रहती है। कार्डधारक बार-बार चक्कर काटते हैं, लेकिन उन्हें अनाज नहीं मिल पाता।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य पारितोष सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि सुबह से ही वे डीलर को फोन कर रहे थे, लेकिन उसका मोबाइल नॉट रीचेबल बता रहा था। स्थिति गंभीर होते देख सिंह मौके पर पहुंचे और संबंधित मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) से बात की। एमओ ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और यदि डीलर दोषी पाया गया तो उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लगातार बनी हुई है। दुकान के अनियमित संचालन के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सरकारी योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे। वहीं, जिला परिषद सदस्य ने विशिष्ट अनुभाजन अधिकारी से भी बातचीत की और साफ कहा कि जब तक अनाज वितरण नहीं होगा, लोग धरना स्थल से नहीं हटेंगे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही अनाज वितरण की व्यवस्था की जाएगी। कई घंटे चले हंगामे के बाद आखिरकार दुकान संचालक मौके पर पहुंचा और राशन का वितरण शुरू हुआ।
घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी डीलर पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

