
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में दो बच्चों ने अपनी छोटी सी बचत से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दिल जीतने वाला काम किया है। होम पाइप निवासी नन्हे जसराज सिंह ने अपनी गुल्लक में जमा की गई राशि 6413 रुपये पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दान कर दी।
जसराज के पिता चरणजीत सिंह ने बताया कि उनका बेटा अपने जन्मदिन पर उन्हें कोई खास तोहफा देना चाहता था, लेकिन सोशल मीडिया पर पंजाब में आई भीषण बाढ़ की खबरें देखकर उसका मन बदल गया। जसराज ने अपने पिता को तोहफा देने के बजाय गुल्लक से निकाले पैसे बाढ़ पीड़ितों को सौंपने का फैसला लिया।
इसी तरह, जयमल सिंह के 10 वर्षीय पुत्र अमरजीत सिंह राजू ने अपनी गोलक में इकट्ठे किए 1560 रुपये बाढ़ पीड़ितों को दिए और रसीद कटवाई। इन दोनों बच्चों की इस पहल ने समाज में एक नई मिसाल पेश की है और अन्य लोगों को भी प्रेरित किया है। भगवान सिंह ने कहा कि छोटी उम्र में समाज के प्रति इतना बड़ा जज्बा अन्य लोगों को प्रेरित करता है।

