
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिरसानगर जोन नंबर 3 ई प्रधान कॉलोनी स्थित एक्सेल इंडिया मॉडल स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती ममता कुमारी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तस्वीर पर माला अर्पण कर किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने शिक्षकों के सम्मान में एक से बढ़कर एक नृत्य-संगीत तथा नाटक प्रस्तुत किया। छात्रा शिखा सोरेन और छात्र अनिकेत प्रजापति ने मंच का संचालन बखूबी सफलतापूर्वक किया। स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती ममता कुमारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक सिर्फ वही नहीं जो आपको अध्यापन कराते हैं, बल्कि आपके जीवन का हर वह व्यक्ति आपका गुरु होता है जो आपके जीवन को सही दिशा-निर्देश देने में आपकी मदद करता है।
इस अवसर पर सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रिंसिपल के हाथों उपहार देकर पुरस्कृत किया गया। इसके बाद सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शहर से दूर एक रिजॉर्ट का भ्रमण कराया गया, जहां सभी ने भरपूर आनंद उठाया।

