
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारत सरकार के रेल मंत्रालय द्वारा रेलवे बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में टाटानगर रेलवे सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को उनके उत्कृष्ट सेवाभाव और समर्पित कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय पदक एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार, गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के सहयोग से रेल मंत्रालय रेलवे बोर्ड के मुख्यालय रेल भवन में आयोजित हुआ, जहाँ रेलवे बोर्ड के कार्यपालक निदेशक अजीत कुमार झा ने व्यक्तिगत रूप से संतोष कुमार को यह गौरवपूर्ण सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
संतोष कुमार दक्षिण पूर्व रेलवे से राष्ट्रीय स्तर पर चयनित एकमात्र सदस्य हैं। उनका चयन नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की दक्षता सुनिश्चित करने हेतु नियमित मॉक ड्रिल एवं अभ्यास आयोजित करने, टीम भावना को प्रोत्साहित करने, और आपदा प्रबंधन कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए किया गया। उनके नेतृत्व में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक न केवल तकनीकी प्रशिक्षण में दक्ष बने, बल्कि उनमें एकता व सामूहिक प्रयास की भावना भी विकसित हुई।
संतोष कुमार ने चक्रधरपुर मंडल समेत दक्षिण पूर्व रेलवे के अन्य डिविजन में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, नागरिक जागरूकता अभियान, एवं नियमित आपदा प्रतिक्रिया अभ्यासों के माध्यम से लोगों को सुरक्षा के प्रति सजग बनाया। झारखंड सरकार के लोकसभा व विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाता जागरूकता अभियान में भाग लेते हुए वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने में योगदान दिया। साथ ही, जमशेदपुर स्वास्थ्य विभाग के रूरल व अर्बन सामुदायिक केन्द्रों में जाकर आपदा प्रबंधन पर प्रशिक्षण देकर राज्य सरकार के कार्यों को सफल बनाने में सहयोग दिया।
इसके अतिरिक्त, संतोष कुमार को 62वें सिविल डिफेंस स्थापना वार्षिक समारोह के अवसर पर भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा नागरिक सुरक्षा में विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। गार्डन रीच स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के उप महाप्रबंधक (सामान्य) व नागरिक सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। पूर्व रेलवे के जोनल सलाहकार समिति सदस्य अरुण जोशी ने भी संतोष कुमार के कार्यों की सराहना की।
संतोष कुमार पहले भी कई बार पुरस्कृत हो चुके हैं। इनमें विशेष रेल सेवा पुरस्कार (रेलवे सप्ताह 2024), पीसी एस ओ अवार्ड -2022, सीनियर एस डी जी एम अवार्ड -2018, मंडल रेल प्रबंधक चक्रधरपुर अवार्ड (2002, 2005, 2007), तथा सीनियर डीईई अवार्ड (2010, 2017) शामिल हैं।
उनके योगदान का एक प्रमुख उदाहरण ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुआ, जब उन्होंने हवाई हमले के दौरान स्कूल, कॉलेज, रेलवे स्टेशन, पेट्रोल पंप, सब्जी बाजार और रेलवे कारखानों पर जाकर करीब 18,000 नागरिकों को आपदा बचाव कार्य प्रशिक्षण प्रदान किया। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक लोको पायलट ट्रेनिंग सेंटर टाटानगर में लगभग 10,000 लोको पायलटों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं की दक्षता प्रशिक्षण प्रदान कर दक्षिण पूर्व रेलवे की मजबूती और आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को सशक्त किया।
यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल संतोष कुमार की व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक है, बल्कि दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी कर्मचारियों व नागरिक सुरक्षा कर्मियों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बनेगा। उनके समर्पण व मेहनत ने रेलवे और समाज दोनों को गर्वित किया है।

