
उदित वाणी, जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय राकेश कोंडायता, ग्राम फलतोलोडा निवासी है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान नाबालिग होने के कारण सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने उनके पास से कुल 6 चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। सभी गाड़ियों के चेसिस और इंजन नंबर की जांच कर पुष्टि की गई है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मोटरसाइकिलों को रघुनाथपुर बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने से चोरी करते थे और फिर उन्हें 10 से 15 हजार रुपये में बेचते थे।
पुलिस की यह कार्रवाई नीमडीह थाना और कपाली ओपी स्तर पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई। छापेमारी दल में नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, कपाली थानेदार धीरंजन कुमार और शस्त्रबल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

