
उदित वाणी, जमशेदपुर : राजनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी लखिन्द्र मार्डी (53) सुबह शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि एमजीएम में पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार लखिन्द्र पेशे से राजमिस्त्री थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
सूचना पाकर राजनगर थाना की पुलिस एमजीएम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान की जा रही है, ताकि दोषी पर कार्रवाई हो सके।
गांव में इस हादसे की खबर से शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह-सुबह तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

