
उदित वाणी, जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र के कंदरबेरा चौक के पास भोर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, विशाल सिंह (43), पवन और सुमन अपने साथी के साथ मंजीत होटल खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान वे दोबो रोड से गुजर रहे थे कि अचानक एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर के कारण विशाल सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पवन और सुमन गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तृत जानकारी में सामने आया कि विशाल सिंह आदित्यपुर 2 रोड नंबर 12 का निवासी था और पेशे से स्कूल वैन चालक था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद चांडिल थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। घायल पवन और सुमन को एमजीएम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
वहीं, विशाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की खोजबीन में जुटी हुई है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आश्वासन दिया है कि दोषी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
चांडिल थाना पुलिस का कहना है कि वे जल्द से जल्द हादसे के पीछे की वजहों का पता लगाकर कार्रवाई करेंगे।

