
उदित वाणी, जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान आम जनता की सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने नो एंट्री का विस्तृत रूट चार्ट जारी किया है. यह व्यवस्था 28 सितंबर से लेकर 3 अक्टूबर 2025 तक लागू रहेगी. इस अवधि में यातायात संबंधी रूट को डायवर्ट किया जाएगा और कुछ क्षेत्रों में नो एंट्री भी लागू रहेगी. जानकारी के अनुसार टोटो एवं सवारी गाड़ी के लिए आदित्यपुर के जयप्रकाश उद्यान और राम मड़ैया बस्ती के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है. आमजन पार्किंग हेतु जयप्रकाश उद्यान में जाने के लिए जमशेदपुर की तरफ से पुराने पुल का उपयोग करेंगे. खरकई पुल से आकाशवाणी चौक तक सड़क पर पार्किंग पूर्णत: वर्जित रहेगी. विशेष परिस्थितियों में आकाशवाणी चौक से शेरे पंजाब चौक तक सड़क खुली रहेगी. परन्तु वाहनों की पार्किंग बिना पूर्व अनुमति के नहीं होगी.

28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक रहेगी नो इंट्री
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक यातायात व्यवस्था नो एंट्री नियमावली के अनुसार ही लागू होगी. इस दौरान विभिन्न पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों पर अलग-अलग पार्किंग और यातायात नियम लागू किए जाएंगे. रूट चार्ट के मुताबिक 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक सरायकेला से आदित्यपुर सड़क पर भारी वाहन/ट्रक, बस आदि का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जमशेदपुर से आदित्यपुर मार्ग पर भी भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. 2 अक्टूबर व 3 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक आदित्यपुर टोल ब्रिज से शेरे पंजाब चौक तक भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी. 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक दोपहर 2 बजे से रात्रि 12 बजे तक वाहन पार्किंग व नाकाबंदी व्यवस्था लागू रहेगी.
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करने की अपील की है, ताकि दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके. किसी भी आपातकालीन स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई है.

