
उदित वाणी,जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन की सेकेंड एंट्री गेट पार्किंग एक बार फिर विवादों में है। शुक्रवार रात करीब आठ बजे यहां पार्किंग कर्मियों ने पटना जाने वाले यात्री पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित मनीष कुमार सिंह, बिहार का निवासी है और रोज़गार की तलाश में जमशेदपुर आया था। मंगलवार को वह साउथ बिहार एक्सप्रेस पकड़ने के लिए सेकेंड एंट्री गेट पहुंचे। वहीं पार्किंग कर्मियों से शुल्क को लेकर उनकी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पार्किंग कर्मियों ने हॉकी स्टिक से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए और किसी तरह जीआरपी थाना पहुंचे।
हैरत की बात यह रही कि घायल के थाने पहुंचने के कुछ ही देर बाद पार्किंग से जुड़े 8 से 10 युवक भी वहां आ धमके। उन्होंने पुलिस के सामने ही मनीष को जान से मारने की धमकी दी और हाथापाई करने की कोशिश की। थाने में हुई इस घटना से पुलिस की भूमिका और पार्किंग व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टाटानगर की पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह गुंडों के हाथों में है। असली कर्मियों की जगह असामाजिक तत्व पार्किंग संभालते हैं और आम यात्रियों से विवाद कर उत्पात मचाते हैं। यात्रियों ने मांग की है कि रेलवे और जिला प्रशासन तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप करे, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और पार्किंग व्यवस्था की पुनः समीक्षा की जाए।
यात्रियों ने यह भी कहा कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो टाटानगर स्टेशन का माहौल और बिगड़ सकता है। रेलवे जैसी संवेदनशील जगह पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

