
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में युवा रचनाकारों को प्रोत्साहन और सकारात्मक निर्देशन देने के उद्देश्य से ‘निनाद’ नामक एक नया मंच अस्तित्व में आया है। निनाद की संस्थापक पूनम महानन्द और सह-संस्थापक निशांत सिंह ने बताया कि निनाद का अर्थ है गूँज और इसका उद्देश्य युवा कलमकारों को एक मंच प्रदान करना है।
निनाद अपनी पहली कड़ी में विशेष काव्य-संध्या ‘मनस्वर’ का आयोजन कर रहा है, जिसमें 11 युवा कलमकार अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज और जीवन के विविध पहलुओं को अभिव्यक्त करेंगे। इस कार्यक्रम में दो गेस्ट परफॉर्मर भी शामिल होंगे – चंद्रमोहन सोरेन उर्फ द डार्क वॉइस की अनोखी बीटबॉक्सिंग और जय कुमार शाही की धमाकेदार हास्य प्रस्तुति।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, विशिष्ट अतिथि के रूप में तुलसी भवन के मानद महासचिव प्रसेनजित तिवारी, साहित्यकार दिव्येन्दु त्रिपाठी और आरजे मनोज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम का आयोजन 7 सितंबर को संध्या 4 बजे, तुलसी भवन, बिस्टुपुर में किया जाएगा। यह आयोजन न केवल कविता प्रेमियों के लिए अविस्मरणीय होगा, बल्कि युवा रचनात्मकता को नई दिशा देने वाला मंच भी सिद्ध होगा।

