
उदित वाणी, जमशेदपुर: अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला एवं सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर दुर्गा पूजा को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। निरीक्षक उत्पाद रामदास भगत के पर्यवेक्षण में घाटशिला थाना के साथ संयुक्त रूप से अवैध शराब की भट्टी एवं बिक्री केंद्र पर तलाशी एवं छापेमारी की गई।
घाटशिला थाना अंतर्गत हीरागंज में छापामारी के क्रम में कुछ अवैध चुलाई शराब भट्टी को नष्ट किया गया। इस दौरान लगभग 1500 किलोग्राम अवैध जावा महुआ विनष्ट किया गया और 60 लीटर चुलाई शराब जब्त किया गया।
भट्टी संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के सुसंगत धारा के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी और सहायक आयुक्त उत्पाद ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री और खपत न केवल सामाजिक बुराई है, बल्कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था के लिए भी खतरा उत्पन्न करती है। इसलिए जिला प्रशासन अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

