
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के सीपी क्लब के पास रहने वाले झारखंड आर्म्ड पुलिस (जैप)-6 के जवान आलोक कुमार (37) की बुधवार देर रात हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 8.45 बजे आलोक घर में सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इस दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे जोर से गिर पड़े। गिरने से उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घरवालों ने तुरंत उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि आलोक पूरी तरह स्वस्थ थे और रोज की तरह सामान्य कार्य कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, छत से कपड़ा उतारने के दौरान रस्सी गले में फंस गई और वे सीढ़ियों से गिर पड़े। हादसा अचानक हुआ, जिससे परिवार के लोग सकते में आ गए। घायल आलोक कुछ देर तक अचेत पड़े रहे और स्थिति बिगड़ने पर आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।
घटना की जानकारी पाकर गुरुवार को जैप एसोसिएशन के पदाधिकारी टीएमएच पहुंचे। उन्होंने मृतक जवान के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। आलोक कुमार को साथी जवानों ने एक ईमानदार और मिलनसार कर्मी के रूप में याद किया।
उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। जैप एसोसिएशन ने कहा कि आलोक कुमार का जाना बल के लिए अपूरणीय क्षति है। बल की ओर से परिजन को हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

