
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में तैनात टाइगर जवान मोहम्मद तबरेज ने अपनी सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को होने से पहले ही टाल दिया। जानकारी के अनुसार, कन्हैया लाल, जो बर्मामाइंस के ईस्टप्लान बस्ती का निवासी है, उड़ीसा से बस के जरिए जमशेदपुर आया था। वह मानगो बस स्टैंड पर उतरा और टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफीट टीओपी के पास पहुंचा। इस दौरान जवान तबरेज उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे थे। युवक की घबराई हुई हरकतें जवान को शक में डालने के लिए पर्याप्त थीं।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और दो मैगजीन बरामद हुईं। जवान मोहम्मद तबरेज ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कन्हैया लाल को मौके पर ही काबू में कर टेल्को थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कन्हैया लाल का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में जेल जा चुका है और हाल ही में पलामू जेल से जमानत पर बाहर आया था। वर्तमान में वह जेम्को बस स्टैंड के समीप किराए के मकान में रह रहा था।
इस कार्रवाई के बाद मोहम्मद तबरेज की बहादुरी की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। स्थानीय लोग उन्हें “जांबाज सिपाही” कहकर सम्मानित कर रहे हैं। पुलिस अधिकारी भी जवान की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी अवैध हथियार के साथ कहां और किस उद्देश्य से आया था और उसके साथ और कौन लोग जुड़े हैं।

