
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग ने 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की घोषणा कर दी है। घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने चुनाव कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए 15 कोषांग गठित किए गए हैं, जिनके नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी और दिशा-निर्देश सौंप दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 45-घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए निर्वाची पदाधिकारी के रूप में घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्रा की नियुक्ति की गई है, जबकि सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में सीओ धालभूमगढ़, सीओ घाटशिला और बीडीओ घाटशिला कार्य करेंगे। नामांकन की प्रक्रिया अनुमंडल कार्यालय घाटशिला में संपन्न होगी।
कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन नामांकन की अंतिम तिथि के दस दिन पूर्व तक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मतदान की सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर प्रशासन का जोर रहेगा।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। क्रिटिकल बूथों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी। साथ ही अवैध शराब, नगद, उपहार या अन्य साधनों के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों पर रोक लगाने के लिए जिले में 16 चेकनाका बनाए जा रहे हैं, जिनमें 10 इंटर-स्टेट, 5 इंटर-डिस्ट्रिक्ट और 1 शहरी क्षेत्र में शामिल है।
एसएसपी ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जाएगा। लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन और जमा कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या आचार संहिता उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

