
उदित वाणी, जमशेदपुर : यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस के लिए नए ठहराव देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उत्तर मध्य रेलवे ने इस ट्रेन को उत्तर प्रदेश के हाथरस स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव देने का निर्णय लिया है, जबकि उत्तरी रेलवे ने हरियाणा के पानीपत जिले में स्थित भोडवल मजरी स्टेशन पर कई ट्रेनों के लिए अस्थायी ठहराव की सुविधा उपलब्ध कराई है।
रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2025 से हाथरस स्टेशन पर यह सुविधा लागू कर दी गई है। अब टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस संख्या 18101 हाथरस स्टेशन पर शाम 5:25 बजे पहुंचेगी और केवल दो मिनट के लिए 5:27 बजे प्रस्थान करेगी। इसी तरह, ट्रेन संख्या 18102 जम्मू तवी-टाटा एक्सप्रेस सुबह 9:03 बजे हाथरस पहुंच कर 9:05 बजे रवाना होगी। इस नए ठहराव से आसपास के यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी।
वहीं, भोडवल मजरी स्टेशन पर उत्तरी रेलवे ने 19 अक्टूबर 2025 से 7 नवंबर 2025 तक अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। इस अवधि में जम्मू तवी-टाटा एक्सप्रेस संख्या 18102 सुबह 4:24 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 4:26 बजे प्रस्थान करेगी। इसके अलावा 18101 टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस रात 10:10 बजे भोडवल मजरी पर ठहरेगी और 10:12 बजे रवाना होगी। इसके साथ-साथ 18310 जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस सुबह 4:24 से 4:26 बजे और 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस रात 10:10 से 10:12 बजे तक इस स्टेशन पर ठहराव पाएंगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन नए ठहरावों से संत निरंकारी समागम में आने वाले श्रद्धालुओं सहित सभी यात्रियों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी। रेलवे यह भी स्पष्ट करता है कि यदि इन ठहरावों की मांग लगातार बनी रहती है, तो भविष्य में इन्हें स्थायी ठहराव में परिवर्तित करने पर भी विचार किया जाएगा।

