
उदित वाणी, जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के जलडहर पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर लोग सुबह से ही सड़क पर डटे रहे। आठ घंटे तक जाम रहने से वाहनों का परिचालन ठप रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ढाई बजे पटमदा थाना में त्रिपक्षीय वार्ता हुई। पीड़ित परिवार की ओर से मुखिया कानूराम बेसरा, जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष बृंदावन दास और समाजसेवी विश्वनाथ महतो शामिल हुए। प्रशासन की ओर से बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, डीएसपी वचनदेव कुजूर, पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत, कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार और बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार मौजूद रहे। वहीं गाड़ी मालिक टिंकू बेसरा भी उपस्थित थे।
ग्रामीण लगातार 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे थे। हालांकि वार्ता के बाद 3.5 लाख रुपये नकद मुआवजे पर सहमति बनी। मृतक के भाई हेमसागर टुडू को तत्काल 1.5 लाख रुपये नकद दे दिए गए। शेष 2 लाख रुपये 10 दिनों के भीतर श्राद्धकर्म से पूर्व दिए जाने का आश्वासन दिया गया।
निर्णय के बाद भी ग्रामीण देर तक आंदोलन पर अड़े रहे, जिससे स्थिति प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण बनी रही। अंततः शाम 4 बजे सहमति के बाद शव को उठाया गया और सड़क जाम समाप्त हुआ।
जाम खुलते ही लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के पूर्व प्रत्याशी विनोद स्वांसी भी ग्रामीणों के समर्थन में पहुंचे। प्रशासनिक प्रयासों और समझौते से विवाद शांत हुआ।

