
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत रीगल गोल चक्कर के पास शनिवार को वाहन जांच के दौरान एक युवक और पुलिस के बीच सड़क पर जमकर नोकझोंक हो गई। घटना के दौरान राहगीरों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने बताया कि वाहन चेकिंग के क्रम में एक बुलेट बाइक (संख्या- जेएच 05 बीवाई 1145) को रोका गया। जांच में पाया गया कि गाड़ी में मोडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था, जिस पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटा गया। गाड़ी का मालिक मोहम्मद रिजवान बताया जा रहा है। चालान कटने से नाराज रिजवान पुलिसकर्मियों से सड़क पर ही बहस करने लगा और गाड़ी को बीच सड़क पर खड़ा कर हंगामा करने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन रिजवान लगातार बहस करता रहा। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और व्यक्ति को थाना लेकर जाया गया।
बिष्टुपुर यातयात थाना प्रभारी ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मोडिफाइड साइलेंसर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह का हंगामा करने पर आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।

इस घटना के बाद से इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रण में आ गई।

