
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 13 पर शनिवार सुबह एक गंभीर दुर्घटना हुई। डिमना बस्ती निवासी रमेश पात्रों निर्माण कार्य के लिए एक घर में बास का भारा बांध रहा था। इसी दौरान उसके ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार के निकट पहुंचते ही घर के मालिक ने चेतावनी दी, लेकिन रमेश ने सावधानी नहीं बरती। चेतावनी अनसुनी करने के कारण उसका हाथ सीधे बिजली के करंट से सट गया। जोरदार झटका लगने से वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचकर तुरंत मदद के लिए आगे आए और उसे अस्पताल पहुंचाया। घर के मालिक की सहायता से गंभीर अवस्था में रमेश को एम जी एम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि करंट लगने के कारण कई जगह झुलसने के निशान हैं, लेकिन उपचार के बाद मरीज की स्थिति पहले से बेहतर हो रही है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि रमेश का स्वास्थ्य अब स्थिर है और डॉक्टर पूरी सावधानी से उसका इलाज कर रहे हैं। रमेश पात्रों के जल्द स्वस्थ होने की सभी को उम्मीद है।
