
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना अंतर्गत गांधीनगर के पास सोमवार शाम को सनसनीखेज घटना घटित हुई, जब बादल नामक अपराधी ने पोपो मुंडा नाम के युवक पर फायरिंग कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोपो मुंडा अपने घर पर आराम कर रहा था कि अचानक बादल वहां पहुंचा और अकारण फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में पोपो मुंडा के गुप्तांग में दो गोली लगीं। गोली चलने के साथ ही पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल पोपो को टाटा मेमोरियल अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
प्रत्यक्षदर्शी गुड़िया ने बताया कि बादल नामक युवक ने पोपो मुंडा पर दो राउंड फायर किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस के साथ-साथ विधि व्यवस्था डीएसपी तौकीर आलम घटनास्थल पर पहुंचे। डीएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच के दौरान घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश का मामला माना जा रहा है। गोली चलाने वाले युवक की पहचान भी पुलिस ने कर ली है।
डीएसपी तौकीर आलम ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है और हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस वारदात ने गांधीनगर क्षेत्र में सनसनी मचा दी है, और स्थानीय लोग तनाव में हैं। पुलिस लगातार इस मामले की पड़ताल कर रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाके में पुलिस बल को तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

