
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में गंभीर जल संकट को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने आवाज बुलंद की। जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार और एसडीओ शिव दिनकर से मुलाकात कर समस्याओं का विस्तृत ब्यौरा सौंपा और तात्कालिक समाधान की मांग रखी।
कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि बागबेड़ा ग्रामीण वृहद जलापूर्ति योजना वर्षों से अधूरी है और इसे शीघ्र पूरा कर संचालित किया जाना जरूरी है। अस्थायी राहत के लिए खरकई नदी से फ्लोटिंग पंप लगाकर पानी को फिल्टर हाउस तक पहुंचाने और लगभग 21 पंचायतों में स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
कांग्रेस ने माहुलबना पंचायत, चौरा गांव में युधिष्ठिर महतो के घर समीप स्थित सोलर जलमीनार की मरम्मत, रसिकनगर पंचायत, सुसनी गांव में बलराम महतो के आवास के पास निष्क्रिय जलमीनार को अविलंब दुरुस्त करने और पटमदा पंचायत, ग्राम पटमदा में शिशु लाल महतो के घर समीप नवीन सोलर जलमीनार स्थापित करने की मांग की।
कांग्रेस ने कहा कि कई क्षेत्रों में पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों से पानी रिस रहा है, जिससे दबाव घट रहा है और आमजन को पानी नहीं मिल पा रहा है। विशेष रूप से जुगसलाई के साफ्रीगंज मोहल्ला की समस्या पर जोर देते हुए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह इलाका लंबे समय से पानी की भीषण समस्या झेल रहा है और विभाग को इसे प्राथमिकता से हल करना चाहिए।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि विभाग शीघ्र कदम नहीं उठाता तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी। जनता अब और इंतजार करने को तैयार नहीं है।

