
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के कदम के फार्म एरिया में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर से दिनदहाड़े छिनतई की घटना को अंजाम दिया। रविवार सुबह पूजा कर लौट रही महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया। पीड़ित महिला ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने देवर निलेश राव के साथ मंदिर से घर लौट रही थी। इसी दौरान रोड नंबर-10 के पास बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन छीन ली। झपट्टा इतना तेज था कि चेन का एक हिस्सा उनके पास रह गया जबकि बाकी हिस्सा बदमाश लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने पहले भाजपा कदम मंडल के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह को इसकी जानकारी दी। राजेश सिंह के सहयोग से उन्होंने कदमा थाने में शिकायत दर्ज कराई। राजेश सिंह ने कहा कि आए दिन शहर में छिनतई की वारदातें बढ़ रही हैं। आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि पुलिस इन घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करे अन्यथा भारतीय जनता पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार सुबह भी कदमा इलाके में मॉर्निंग वॉक कर रहे एक खिलाड़ी से चेन की छिनतई हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने इलाके में दहशत और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

