
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, हरहरगुट्टू स्थित शिव मंदिर के समीप न्यू श्रीकृष्ण ज्वेलरी दुकान से अज्ञात चोरों ने सोने की चैन और लॉकेट उड़ा लिए। यह घटना 22 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे घटी।
पीड़ित हरहरगुट्टू निवासी दुकानदार राजू कुमार वर्मा ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि दुकान में ग्राहक बनकर आए दो युवक मौका पाकर गहने लेकर फरार हो गए। चोरी का खुलासा तब हुआ जब गहनों का मिलान किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस सक्रिय हो गई और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर के वक्त दुकान पर ग्राहकों की आवाजाही रहती है और उसी बीच इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद इलाके के स्वर्ण व्यवसायियों में चिंता का माहौल है। पीड़ित राजू वर्मा ने प्रशासन से इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

