
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के अथक प्रयासों के बाद आखिरकार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के दोनों पंप चालू हो गए हैं। नवरात्र के प्रथम दिन सोमवार को जवाहर नगर, रोड नंबर 15, मानगो स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का 150 हॉर्स पावर का पंप सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया। इससे पहले एक 150 एचपी का पंप पहले से ही चालू था।
अब दोनों पंप निर्बाध गति से चल रहे हैं, जिससे मानगो क्षेत्र के निवासियों को सुचारू जलापूर्ति होने की उम्मीद है। उलीडीह मंडल के जनसुविधा प्रतिनिधि संतोष भगत ने नारियल फोड़कर मोटर पंप का उद्घाटन किया। उन्होंने विधायक सरयू राय की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि राय ने पेयजल संकट को दूर करने के लिए स्थानीय अधिकारियों से लेकर प्रमुख सचिव तक से मुलाकात की और विधानसभा में भी सवाल उठाए।
संतोष भगत ने बताया कि इंटकवेल में 350 एचपी का मोटर पंप फिट किया जा रहा है, जिसे जल्द ही चालू कर दिया जाएगा। इससे मानगो क्षेत्र में जलापूर्ति और भी बेहतर हो जाएगी। इस अवसर पर पेयजल स्वच्छता विभाग के कर्मचारी प्रह्लाद मिश्रा, अर्जुन साही, टुनटुन सिंह, बाबू खान आदि उपस्थित थे।
विधायक सरयू राय के प्रयासों से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के दोनों पंप चालू होने से मानगो क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें सुचारू जलापूर्ति मिलने की उम्मीद है, जिससे उनके जीवन में सुधार होगा। संतोष भगत ने कहा कि विधायक सरयू राय के प्रयासों से मानगो क्षेत्र के निवासियों को पेयजल संकट से निजात मिलेगी।

