
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आदित्यपुर 2 रोड नंबर 2 में बुधवार को एक दर्दनाक घटना हुई। यहां 24 वर्षीय आशुतोष कुमार, जो ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था, ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
जानकारी के अनुसार सुबह आशुतोष ने अपनी बहन निधि कुमारी से गाड़ी की मरम्मत कराने के लिए पैसे मांगे थे। बहन द्वारा पैसे नहीं देने पर वह नाराज होकर कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब दरवाजा बंद होने पर परिजनों ने आवाज दी, तो कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा तोड़कर देखने पर वह पंखे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही दोस्तों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आशुतोष को मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पाकर आरआईटी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है, हालांकि वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही चल सकेगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आशुतोष मेहनतकश और सरल स्वभाव का युवक था। आर्थिक तंगी के कारण वह अक्सर परेशान रहता था। पैसे की दिक्कत ही इस कदम का कारण बनी या इसके पीछे अन्य वजह है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

