
उदित वाणी, जमशेदपुर : आद्रा मंडल में दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन की कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आद्रा, चक्रधरपुर, रांची और खड़गपुर के डिवीजनल कोऑर्डिनेटर तथा सभी शाखाओं के शाखा सचिवों ने भाग लिया। केंद्रीय कार्यालय की उपस्थिति में संपन्न इस बैठक में सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
बैठक के निर्णयानुसार, दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन के एनर्जेटिक और कद्दावर नेता कॉमरेड गौतम मुखर्जी को यूनियन का महासचिव चुना गया। गौतम मुखर्जी के महासचिव बनने की घोषणा से यूनियन में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई। सभी कर्मचारी इस नए नेतृत्व के प्रति आशावादी हैं और उन्हें विश्वास है कि महासचिव गौतम मुखर्जी के मार्गदर्शन में यूनियन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करेगी।
चक्रधरपुर मंडल संयोजक कॉमरेड मनोज कुमार सिंह ने गौतम मुखर्जी को महासचिव बनने पर चक्रधरपुर मंडल के तमाम कर्मचारियों एवं यूनियन पदाधिकारियों की ओर से हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि महासचिव बनने के बाद गौतम मुखर्जी न केवल यूनियन को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे, बल्कि कर्मचारियों के लिए प्रभावी संघर्ष भी सुनिश्चित करेंगे। चक्रधरपुर मंडल से इस अवसर पर कुल 12 शाखाओं के ब्रांच सेक्रेटरी भी उपस्थित थे, जिन्होंने इस निर्णय को पूर्ण समर्थन प्रदान किया।
इस नए नेतृत्व के आने से दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। यूनियन के पदाधिकारी और कर्मचारी मिलकर अपने अधिकारों की रक्षा और रेलवे क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट रूप से काम करेंगे। महासचिव गौतम मुखर्जी के नेतृत्व में सभी को यह विश्वास है कि आने वाले समय में यूनियन का कार्यक्षेत्र और प्रभाव और भी सशक्त होगा।
इस बैठक का उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं पर विचार-विमर्श कर एकजुट होकर उनके हितों के लिए कार्य करना बताया गया। निर्णय से पूरे संगठन में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली है, जिससे आगामी कार्यों की दिशा और भी स्पष्ट होगी।

