
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के हरिओम नगर स्थित इंदिरा बस्ती में मंगलवार की रात एक दुखद घटना सामने आई, जहाँ सुनील सरदार (29) ने मानसिक तनाव में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक सुनील सरदार इंदिरा बस्ती का निवासी था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुनील लंबे समय से नशे का आदी था। मानसिक परेशानी और नशे के चलते वह आत्महत्या करने पर मजबूर हुआ।
परिजनों ने सुनील को फांसी के फंदे से उतारकर इलाज के लिए एम जी एम हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम एम जी एम हॉस्पिटल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम बुधवार को कराया गया और उसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव और नशे की आदत को आत्महत्या का प्रमुख कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच में लगी हुई है ताकि आत्महत्या के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के मामले में गहराई से छानबीन की जा रही है।

