
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के फॉर्म एरिया क्वार्टर नंबर 16/19 में शुक्रवार दोपहर एक महिला ने फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मालती कुमारी (28) के रूप में हुई है। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। उसका पति ड्यूटी पर गया हुआ था और दोनों बच्चे स्कूल गए थे। परिजनों ने तत्काल उसे टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालती ने कमरे में लगे पंखे से चुन्नी के सहारे फांसी लगाई। फेसबुक लाइव में उसने अपने पति सहदेव यादव पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि आपसी विवाद और लगातार मानसिक दबाव के कारण वह यह कदम उठा रही है। मृतका के भाई ने बताया कि मालती की शादी 2013 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पति टाटा स्टील में ठेका कर्मी है। मायका गिरीडीह और ससुराल कोडरमा में है, लेकिन वह पति और बच्चों के साथ कदमा में रहती थी।
घटना की सूचना मिलते ही महिला के मायके वाले अस्पताल पहुंचे और पति पर गंभीर आरोप लगाए। कदमा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया लाइव वीडियो के आधार पर सहदेव यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

