
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। बर्मामाइंस थाना अंतर्गत सी9/एल कैरेज कॉलोनी फुटबॉल मैदान के पास की रहने वाली 37 वर्षीय सौदामिनी राय ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर आजाद हिंद एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अचानक प्लेटफॉर्म से पटरी पर उतरी और ट्रेन के सामने कूद गई। मौके पर मौजूद यात्रियों ने तुरंत आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को रेलवे अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है।
मृतका की पहचान सौदामिनी राय के रूप में हुई है। वह बर्मामाइंस सी9/एल कैरेज कॉलोनी की रहने वाली थीं। उनके पति अनिल राय टाटानगर रेलवे में कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि मृतका के दो छोटे बच्चे भी हैं। अचानक उठाए गए इस कदम से परिवार पर गहरा दुख आ पड़ा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस और आरपीएफ ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। वहीं, रेलवे प्रशासन ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है।

