
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ थाना अंतर्गत उड़माल मुंडा होटल के सामने गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गया से कोलकाता लौट रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक देवव्रत प्रधान (41) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक चालक का शव टक्कर के बाद कार में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर गैस कटर से वाहन को काटकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा।
घायलों में देबो भरत परधान, बासुमति परधान, सत्यभरत परधान और उमा परधान शामिल हैं। सभी घायल कोलकाता निवासी बताए जा रहे हैं। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद ईचागढ़ से जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री अयोध्या राम दर्शन करने के बाद गया गए थे और वहां से कोलकाता लौट रहे थे। तेज रफ्तार के कारण कार ने नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

