
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत स्थित सागर होटल के पास रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, एक युवती घरेलू कार्य से लौट रही थी, तभी साकची सागर होटल के गोलचक्कर के पास गाड़ी को मोड़ने के क्रम में पेट्रोल टैंकर ने उसे कुचल दिया और टैंकर चालक घटना स्थल से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टैंकर के आते ही युवती को कुचलते हुए टैंकर आगे बढ़ गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल टीएमएच (टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल) में भर्ती कराया।
टीएमएच में इलाज के दौरान युवती की हालत नाजुक बनी रही और लगभग रात 12 बजे उसकी मृत्यु हो गई। परिजन इस दुखद घड़ी में भी परेशान हैं, क्योंकि अस्पताल प्रबंधन युवती के शव को परिजनों को नहीं सौंप रहा है। अस्पताल का कहना है कि शव को सौंपने से पहले पूरा भुगतान जमा करना अनिवार्य है। परिजन इस कार्रवाई से आहत हैं और उन्हें न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
वहीं, पेट्रोल टैंकर चालक अब भी पकड़ से बाहर है। परिजनों का दावा है कि उन्होंने टैंकर चालक का पता लगा लिया है और उससे बात भी की है, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल कर रहा है। परिजन अब प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपील कर रहे हैं ताकि दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और न्याय मिल सके। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

