
उदित वाणी, जमशेदपुर : नववर्ष-2026 के स्वागत को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष योजना तैयार की है. बढ़ते यातायात दबाव, शहर में होने वाले जश्न, भीड़-भाड़ की संभावना और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी दो दिनों तक यातायात में आंशिक प्रतिबंध लागू रहेंगे. यह व्यवस्था 31 दिसंबर 2025 की शाम 5 बजे से प्रारंभ होकर 1 जनवरी 2026 की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी. इस दौरान मुख्य सड़कों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. ट्रक, ट्रेलर, कंटेनर, डंपर सहित सभी वाणिज्यिक मालवाहक वाहन प्रतिबंध के दायरे में रहेंगे. हालांकि आवश्यक सेवाओं से जुड़ी बसों को छूट रहेगी और उनका परिचालन सामान्य रूप से होगा.
पुलिस द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, 31 दिसंबर को शाम 05:00 बजे से रात्रि 02:00 बजे तक तथा 1 जनवरी को सुबह 06:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक नियम सख्ती से लागू किए जाएंगे. इस दौरान बसों के निर्धारित मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी जाएगी ताकि भीड़भाड़ एवं अव्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो. जश्न के दौरान यातायात सुचारू रहे, इसके लिए प्रशासन ने शहर के तमाम भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की है.
कहां रहेगी विशेष सख्ती: बिष्टुपुर, गोलमुरी, साकची, कदमा, सोनारी, मानगो, आजादनगर, उलीडीह, सिदगोड़ा, टेल्को, टाटानगर स्टेशन, जेएनएसी क्षेत्र, सुभाष मैदान से सर्किट हाउस मार्ग, जुबिली पार्क रोड, कालीमाटी रोड एवं एनएच-33 से शहर में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख चेकपोस्टों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रहेगी. पुलिस गश्त टीम, ट्रैफिक विभाग और कंट्रोल रूम के बीच लगातार समन्वय बनाया जाएगा.
एसपी सिटी जमशेदपुर कुमार शिवाशीष ने आम नागरिकों से अपील की है कि नववर्ष का स्वागत खुशी, शांति और संयम के साथ करें. उन्होंने कहा कि अनावश्यक भीड़भाड़, तेज रफ्तार, स्टंट, शराब पीकर वाहन चलाने, ध्वनि प्रदूषण एवं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, पुलिस अपने स्तर पर हर स्थिति पर सतर्क नजर रखेगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेगी.
