
उदित वाणी, जमशेदपुर : नगर पालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) श्री कर्ण सत्यार्थी ने गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखण्ड परिसर में बनाए गए पोलिंग पार्टी डिस्पैच सेंटर तथा मतगणना सह वज्रगृह केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की सूक्ष्म समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.
डिस्पैच सेंटर की व्यवस्थाओं की समीक्षा
निरीक्षण के क्रम में सामग्री वितरण केंद्र, काउंटर व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज और सहायता काउंटर की तैयारियों का जायजा लिया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों को चुनाव सामग्री वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध, सुव्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न हो. इसके लिए अलग-अलग काउंटर, सुगम आवागमन और समुचित मार्गदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
स्ट्रांग रूम और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर विशेष जोर
वज्रगृह केंद्र के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की गई. सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश-निकास नियंत्रण, सुरक्षा बलों की तैनाती तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए. उन्होंने कहा कि मतपेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी.
पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की रणनीति
डिस्पैच के दिन संभावित भीड़ और वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सुविचारित ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा गया. पोलिंग पार्टियों के वाहनों के लिए पृथक पार्किंग स्थल, स्पष्ट रूट चार्ट और यातायात नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो.
समन्वय और समयबद्ध तैयारी पर बल
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया का प्रत्येक चरण जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. जिला प्रशासन नगर पालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है.


