
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई क्षेत्र से कुछ दिनों से लापता बताए जा रहे युवक जाहिद हुसैन उर्फ विक्की और युवती निसहत गुल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने विवाह की पुष्टि की है। वीडियो में दोनों ने साफ तौर पर कहा है कि उन्होंने अपनी इच्छा से शादी की है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
वीडियो में युवक-युवती ने बताया कि उनके बीच काफी समय से प्रेम संबंध था। इसी कारण दोनों ने परिवार की सहमति के बिना घर छोड़ने का निर्णय लिया और बाद में अपने-अपने धर्म के रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया। दोनों ने यह भी कहा कि इस फैसले के पीछे किसी का दबाव या मजबूरी नहीं है, बल्कि यह उनका निजी और स्वेच्छा से लिया गया निर्णय है।
बताया जाता है कि दोनों के अचानक घर से गायब होने के बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर उनकी तलाश की मांग की थी। परिजनों को आशंका थी कि दोनों के साथ कोई अनहोनी न हो गई हो। इसी बीच युवक-युवती द्वारा जारी किए गए वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
वीडियो सामने आने के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोग इस बात को लेकर भी नजर बनाए हुए हैं कि पुलिस प्रशासन आगे इस मामले में क्या कदम उठाता है। फिलहाल वीडियो के माध्यम से दोनों ने अपने सुरक्षित होने और वैवाहिक जीवन शुरू करने की जानकारी दी है।

