
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में छोटी-छोटी बातों को लेकर बड़ी घटनाओं को अंजाम दिए जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे नागरिकों में भय का माहौल है. ताज़ा घटना में ट्यूशन पढ़ने वाले कुछ नाबालिग छात्रों द्वारा मामूली विवाद को लेकर किए गए तांडव एवं उपद्रव ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है. इस घटना के बाद न केवल डीसी लाउंज फैमिली सैलून के लोग दहशत में हैं, बल्कि आम नागरिक भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
सामाजिक कार्यकर्ता चिंटू सिंह ने इस पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जमशेदपुर में प्रशासन की लचर व्यवस्था के कारण उपद्रवी और असामाजिक तत्व बेलगाम होते जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग इस विश्वास से अपराध करते हैं कि प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करेगा. यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और इससे शहर में कानून व्यवस्था की छवि धूमिल हो रही है.
चिंटू सिंह ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसे उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि शहरवासियों का कानून और प्रशासन पर फिर से विश्वास बहाल हो सके. उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो इस तरह की घटनाएं भविष्य में और बढ़ सकती हैं.

