
उदित वाणी, जमशेदपुर : 20-21 दिसंबर को होने जा रहे जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल में गीत, संगीत, हंसी-ठहाकों और विचारों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. देश भर से कई दिग्गज कलाकार, साहित्यकार, कार्टूनिस्ट और पत्रकार इस आयोजन में शिरकत करने के लिए जमशेदपुर आ रहे हैं. इस आयोजन में आकर्षण के केन्द्र रॉकस्टार राहगीर होगा. राजस्थान के सीकर के घुमक्कड़ लेखक-गायक सुनील कुमार गुर्जर, जिन्हें देश-विदेश में “राहगीर” के नाम से जाना जाता है. वे फेस्ट के पहले दिन 20 दिसंबर की शाम शहरवासियों को अपनी प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध करेंगे. सरल, लेकिन असरदार लेखन, लोकधुनों की मिठास, गिटार की जादुई संगत और उनकी विशिष्ट गायन शैली युवाओं के बीच राहगीर को एक फेनोमेना बना देती है. उनके गीत भारत के लगभग सभी प्रमुख शहरों में लगातार हाउसफुल प्रस्तुतियां दे चुके हैं.
आबिद सुरती और मनोज सिन्हा
कालजयी कॉमिक पात्र ‘डब्बू जी’और ‘बहादुर’ के सर्जक 90 वर्ष से अधिक की आयु में भी ऊर्जा से भरपूर आबिद सुरती मुंबई से इस उत्सव में शामिल होने आ रहे हैं. उनकी कला हंसी, व्यंग्य और जीवन-अनुभव का अद्भुत मिलन है और हर उम्र के रचनाकारों के लिए प्रेरणा भी देता है. उनके साथ होंगे समकालीन भारतीय कार्टून जगत के चर्चित चेहरे मनोज कुमार सिन्हा, जो रांची में पले-बढ़े और वर्तमान में दिल्ली में सक्रिय हैं. उनके कैरिकेचर समाज का सच बड़ी सहजता से सामने रख देते हैं. तीखा व्यंग्य, हास्य की बारीक परतें और मानवीय संवेदना मनोज सिन्हा को विशेष बनाती हैं.
ऐसे ले सकते हैं भाग
जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल में भाग लेने के लिए पंजीकरण जारी है. एक हजार रूपए के पंजीकरण शुल्क में प्रतिभागियों को आयोजन किट, दोनों दिन दोपहर का भोजन और प्रवेश पत्र प्राप्त होगा. छात्र-छात्राओं हेतु शुल्क मात्र 500 रूपए रखा गया है.

