
उदित वाणी जमशेदपुर : वन प्रमंडल को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। बीते दिनों तेंदुए की खाल की तस्करी के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार करने के बाद, वन विभाग ने इसी मामले से जुड़े तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जाकिर हुसैन, दिनेश्वर सिंह, और विजय यादव शामिल हैं। वन विभाग की टीम ने इन तीनों को डाल्टनगंज के बीहड़ इलाकों से पकड़ा। मंगलवार को वन विभाग ने इस मामले का खुलासा किया। डीएफओ सबा आलम अंसारी ने जानकारी दी कि पूर्व में वन विभाग ने तेंदुए की खाल के साथ अशोक विश्वकर्मा, श्याम कुजूर, सुरेश कुजूर, राज कुमार, और विजय को गिरफ्तार किया था। उनकी जानकारी के आधार पर आरएफओ दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर, डाल्टनगंज में छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर जानवरों को पकड़ने वाले पिंजड़े, हिरण के सींग, और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।डीएफओ ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध राजस्थान के सिंगारा गिरोह से है, जो पलामू और आसपास के जंगलों में शिकार करता था। यह गिरोह पिछले 10 वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय था और अब तक कई जानवरों का शिकार कर चुका है।आरएफओ दिग्विजय सिंह ने संकेत दिए हैं कि यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हो सकता है। इसके संबंध में और जानकारी राजस्थान के सिंगारा गिरोह के पकड़ाने के बाद ही सामने आ सकेगी। फिलहाल, टीम राजस्थान जाकर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई करेगी।

