
उदित वाणी जमशेदपुर : साकची मेन रोड स्थित बंगाल क्लब के पास देर रात एक वरना कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटना के तुरंत बाद जमशेदपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड तथा पुलिस को सूचना दी। उनकी तत्परता के बावजूद जब तक दमकल की गाड़ी पहुंची, आग विकराल रूप ले चुकी थी और दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो चुके थे।
जानकारी के अनुसार वरना कार में आग लगते ही उस पर सवार दो युवक मौके से फरार हो गए। वहीं, स्कॉर्पियो के मालिक रोशन सिंह, जो गोलमुरी नामदा बस्ती के निवासी हैं, गाड़ी नीचे पार्क कर अपने परिवार के साथ पास के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। आग लगने की सूचना मिलते ही जब वे नीचे पहुंचे, उनकी गाड़ी धू-धू कर जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
पुलिस घटना की जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि टक्कर और उसके बाद की पूरी घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। शुरुआती जानकारी के आधार पर पुलिस वरना कार सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल, इस घटना ने साकची मेन रोड पर सुरक्षा और लापरवाही से होने वाले हादसों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

