
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः भीषण गर्मी के वर्तमान समय में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा हॉर्ट अटैक के लक्षण और बचाव के प्रति आम लोगों को जागरुक करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है. साथ हीं विभिन्न क्षेत्रों में हृदयाघात, हॉर्ट अटैक के उपराँत प्राथमिक चिकित्सा को लेकर सीपीआर प्रदान करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी दी जा रही है. इस क्रम में जिला सिविल सर्जन के निदेशानुसार, कृषि उत्पादन बाजार समिति, सरायकेला के द्वारा आज आदित्यपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में उपस्थित सब्जी विक्रेताओं को आपातकाल में हॉर्ट अटैक के लक्षण और बचाव की जानकारी दी गई. साथ ही बताया गया कि हेल्दी लाइफ स्टाईल अपनाकर भी हॉर्ट अटैक से बचा जा सकता है. चिकित्सा पदाधिकारी डॉ0 प्रमिला ने बताया कि हॉर्ट अटैक के लक्षण की पहचान कर पीड़ित को तत्काल सीपीआर अर्थात छाती दबाकर एवं मुँह में ऑक्सीजन प्रदान करना बहुत जरुरी होता है. इस हालत में मस्तिष्क तक ऑक्सीजन के पहुँचने से पीड़ित की मृत्यु रुक सकती है. इस अवसर पर कृषि उत्पादन बाजार समिति, सरायकेला के सचिव जुलटन टोप्पो, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ0 लक्ष्मी, गम्हरिया की चिकित्सा पदाधिकारी डॉ0 भारती, मुन्ना तामसोय, दिन्दली स्वावलंबी सहकारी समिति प्रा0 लि0 के मुख्य कार्यपालक मनोज पासवान उपस्थित थे.

