
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के साथ कोवाली थाना क्षेत्र में उसके नानी घर पर छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना को लेकर करीब नौ महीने बाद मामला थाने तक पहुंचा, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान कोवाली थाना क्षेत्र के रसुनचोपा गांव निवासी रावण मंडल और नयन मंडल के रूप में की गई है। दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 12 जून 2025 को युवती अपने नानी के घर गई हुई थी। उसी दौरान शाम करीब पांच बजे दोनों आरोपी घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसने के बाद दोनों ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसकी लज्जा भंग करने की कोशिश की। घटना के बाद युवती और उसके परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई।
मामले में कोर्ट के निर्देश पर कोवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। टेल्को थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

