
उदित वाणी, जमशेदपुर : स्टील सिटी जमशेदपुर को उसका पहला इनडोर स्नो पार्क ‘स्नो स्टॉर्म’ मिलने जा रहा है, जिसका उद्घाटन 27 सितंबर को बिस्टुपुर स्थित पीएम मॉल के द्वितीय तल पर किया जाएगा. यह पार्क बर्फीली ठंड और रोमांच का नया ठिकाना होगा, जहां शहरवासियों को -10 डिग्री सेल्सियस तक की ठंड का अनुभव मिलेगा.
करीब 6000 वर्गफुट क्षेत्र में फैले इस अत्याधुनिक पार्क में बर्फबारी, बर्फ की स्लाइड्स, ट्यूबिंग ट्रैक, स्नो डांस ज़ोन, बच्चों के लिए स्नो प्ले एरिया, इग्लू, फोटो स्पॉट्स और फैमिली राइड्स जैसे आकर्षण होंगे. इसे खासतौर पर हर आयु वर्ग के लिए एक फैमिली एंटरटेनमेंट जोन के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें खरीदारी और फूड कोर्ट की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी.
आयोजकों ने बताया कि हर टिकट के साथ जैकेट, ग्लव्स और गमबूट मुफ्त दिए जाएंगे. पर्यटकों के लिए मोजे पहनना अनिवार्य रहेगा, जिन्हें पार्क के काउंटर से खरीदा जा सकेगा. पार्क स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करता हुआ संचालित होगा. पार्क सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहेगा और इसमें पर्याप्त पार्किंग, वॉशरूम और फूड आउटलेट्स की व्यवस्था की गई है.
टिकट की दरें इस प्रकार हैं: वयस्क (137 से.मी. से अधिक) के लिए 450 रुपये, बच्चे (90 से.मी. से 137 से.मी.) के लिए 400 रुपये, वरिष्ठ नागरिक (60 वर्ष एवं अधिक) के लिए 400 रुपये तथा शिशु (90 से.मी. से कम) के लिए 200 रुपये निर्धारित हैं.
यह स्नो पार्क त्योहारों के मौसम में परिवार और दोस्तों के लिए ठंड और आनंद का एक नया अनुभव प्रस्तुत करेगा, जो जमशेदपुरवासियों के लिए एक उत्साहजनक और मनोरंजक पहल साबित होगा.

