
उदित वाणी जमशेदपुर : चांडिल थाना अंतर्गत एनएच-33 आसनबनी स्थित होटल टाटा हाईवे में 20 नवंबर की रात हुई फायरिंग कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर तीन अपराधकर्मियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो० शहबाज आलम (20), मो० शाहिद रजा (19) और मो० फैजान आलम उर्फ मट्ठा (20) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी जमशेदपुर के मानगो और आजादनगर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग की इस घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापामारी जारी है। टीम विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है, हालांकि फायरिंग की वजह और पीछे के विवाद की विस्तृत जांच अभी चल रही है। घटना के बाद से होटल परिसर और हाईवे पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों के पते, पहचान और आपराधिक गतिविधियों की पुष्टि कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों ने आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और वीडियो फुटेज के आधार पर टीम आरोपियों के नजदीक पहुंची और तीनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
छापामारी दल में चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरुवा, चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार, पुअनि राहुल कुमार भारती, अमित कुमार, सअनि सीताराम मार्डी, अजीत मुण्डा, सुरेंद्र कुमार सिंह और चांडिल थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने कहा कि घटना में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से पूरी की जाएगी।

