
उदित वाणी जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत केबल टाउन स्थित सी टाइप केबल कंपनी के बंद क्वार्टर में 82 वर्षीय पूर्व सैनिक जग नारायण सिंह की हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सिंह का शव उनके घर के पलंग के नीचे मिला, और उनके शरीर पर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद शव को छिपाने की कोशिश की गई थी और घर के बाहर से ताला बंद कर दिया गया था। घटना को अंजाम दिए हुए लगभग 2 से 3 दिन बीत चुके हैं।स्थानीय निवासियों ने संदेह जताया जब देखा कि घर का ताला लगातार 2-3 दिनों से बंद है। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की गई। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है। मृतक पूर्व सैनिक थे और संभवतः सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे।पुलिस ने मृतक के परिजनों, जो पटना में रहते हैं, को घटना की जानकारी दे दी है। परिजनों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद पुलिस उनसे पूछताछ करेगी और आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस अभी जांच में जुटी हुई है और हत्या के कारणों की तलाश कर रही है।
