
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लिट्टी चौक से एनएच-33 तक बनने वाले बहुप्रतीक्षित पुलिया का निर्माण कार्य बुधवार से शुरू हो गया. करीब चार किलोमीटर लंबे इस पुल के बन जाने से शहर की नेशनल हाईवे से कनेक्टिविटी सुगम होगी, साथ ही भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से अंकुश लगने की उम्मीद है.
इस पुल की परिकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में की गई थी और तब इसका नामकरण सिग्नेचर ब्रिज के रूप में किया गया था. तत्कालीन विधायक सरयू राय ने इसका शिलान्यास किया था, लेकिन उसके बाद से यह परियोजना वर्षों तक अधर में लटकी रही. विधायक चुने जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की बहू व जमशेदपुर पूर्वी की वर्तमान विधायक पूर्णिमा साहू ने विधानसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, जिसके फलस्वरूप पथ निर्माण विभाग ने बुधवार से पुल निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी.
करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल को सीधे नेशनल हाईवे 33 पर भिलाई पहाड़ी के समीप जोड़ा जाएगा. विधायक पूर्णिमा साहू ने विभागीय पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य के दौरान एक भी मकान या अतिक्रमण नहीं तोड़ा जाए, क्योंकि स्वीकृत डीपीआर में भी इसका स्पष्ट उल्लेख है. विधायक ने बताया कि 18 माह के भीतर पुल निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा.
निर्माण कार्य शुरू होने की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल के शुरू हो जाने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि पूर्वी जमशेदपुर के विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी.

